विकासनगर। डाकपत्थर चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी पछवादून ने चिंता जताई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के महाप्रबंधक/कार्यकारी निदेशक को पत्र भेजकर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पत्र में कहा कि अतिवृष्टि के दौरान डाकपत्थर चौक और आसपास के इलाकों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर भारी मात्रा में पानी जमा हो जाता है। इससे आसपास के घरों और दुकानों में पानी घुसने का खतरा बना रहता है, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान की आशंका रहती है।
उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है और कई बार आवागमन बाधित हो जाता है। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
संजय किशोर ने यूजेवीएनएल से डाकपत्थर चौक पर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा आवश्यकता के अनुसार नालियों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। साथ ही समस्या के तकनीकी समाधान के लिए निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।
उन्होंने कहा कि यदि जलभराव के कारण यातायात डायवर्जन की आवश्यकता पड़ती है तो आम जनता को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जनहित से जुड़े इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि अतिवृष्टि के दौरान घरों, दुकानों और संपत्तियों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
