सेलाकुई। झाझरा हाट बाजार के संचालन को लेकर कांग्रेस नेता जॉय बर्सवाल ने गंभीर सवाल उठाते हुए करोड़ों रुपये के संभावित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने बाजार के संचालन, ठेका प्रक्रिया और वित्तीय लेन-देन की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
बर्सवाल ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 से 2026 तक झाझरा हाट बाजार का ठेका एक विधायक के चालक और उनके करीबी लोगों के पास रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। उनका कहना है कि बाजार की आय-व्यय, शुल्क वसूली और राजस्व का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं कराया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ठेकों की नीलामी प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका है। बर्सवाल ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने 3 जून को एसडीएम विकासनगर को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि झाझरा हाट बाजार से जुड़े सभी ठेकों, वित्तीय लेन-देन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में कोई अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित विभाग या जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
झाझरा हाट बाजार में करोड़ों के भ्रष्टाचार के आरोप, कांग्रेस ने उठाई उच्चस्तरीय जांच की मांग




