47 छात्र-छात्राओं के यूरिन टेस्ट, सभी की रिपोर्ट नेगेटिव

देहरादून/सेलाकुई। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत दून पुलिस ने शिक्षण संस्थानों में नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मंगलवार को सेलाकुई स्थित माया देवी यूनिवर्सिटी में पुलिस और चिकित्सकों की संयुक्त टीम ने औचक ड्रग्स जांच अभियान चलाया।
अचानक की गई कार्रवाई के दौरान विश्वविद्यालय के 47 छात्र-छात्राओं का ड्रग्स टेस्ट किट के माध्यम से यूरिन टेस्ट किया गया। जांच में सभी छात्र-छात्राओं की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई।

जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और इससे होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने छात्रों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास भी नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि शिक्षण संस्थानों में नशीले पदार्थों का सेवन अथवा इस्तेमाल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की ओर से यह भी चेतावनी दी गई कि यदि कोई छात्र-छात्रा नशे का सेवन या नशीले पदार्थों के इस्तेमाल में संलिप्त पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और संबंधित शिक्षण संस्थान की जिम्मेदारी भी तय की जा सकती है।

दूसरे राज्यों से पढ़ाई के लिए आए विद्यार्थियों समेत विश्वविद्यालय के छात्रों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे औचक अभियान शिक्षण संस्थानों को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
