देहरादून। डालनवाला थाना क्षेत्र की कृष्ण कॉलोनी में जमीन और भवन स्वामित्व को लेकर चल रहा विवाद रविवार को उस समय हिंसक हो गया, जब फ्लैट मालिकों और जमीन मालिक के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। सूचना मिलते ही डालनवाला पुलिस और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, कृष्ण कॉलोनी स्थित एक बहुमंजिला भवन को लेकर लंबे समय से फ्लैट मालिकों और जमीन मालिक के बीच विवाद बना हुआ है। जमीन मालिक का आरोप है कि फ्लैट नियमों के विपरीत बेचे गए हैं, जबकि फ्लैट खरीदार अपने स्वामित्व और अधिकार का दावा कर रहे हैं।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
इस दौरान एमडीडीए की टीम ने भवन और भूमि का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भवन से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है तथा निर्माण की वैधता की भी पड़ताल की जा रही है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में भी निर्माण संबंधी अनियमितताओं के चलते एमडीडीए ने इसी भवन को सील किया था। अब दोबारा विवाद सामने आने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले ने उन लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है जिन्होंने अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी लगाकर यहां फ्लैट खरीदे हैं। अब जांच के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




