मौसम अलर्ट से लेकर फसल रोग पहचान और बाजार की जानकारी तक, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी कृषि संबंधी सुविधाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर किसानों को कृषि से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

रियल टाइम मौसम और फसल रोग की पहचान
मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप में किसानों के लिए रियल टाइम मौसम संबंधी जानकारी और अलर्ट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही फसल के अनुसार कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार से संबंधित जानकारी भी एप के माध्यम से उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
एप में किसानों के लिए परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाओं को भी शामिल किया गया है, ताकि कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक पहुंच बनाने में डिजिटल सहयोग मिल सके।
स्वयं सहायता समूहों को भी मिलेगा लाभ
एप के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि एप का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादन, मौसम, फसल सुरक्षा, बाजार और परिवहन जैसी जरूरतों के लिए एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल एवं सूरवीर सिंह कठैत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
