दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को मिलेंगे निःशुल्क सहायक उपकरण

21 से 26 सितंबर तक देहरादून में लगेंगे 11 चिन्हीकरण शिविर

देहरादून, 18 सितंबर 2026। समाज कल्याण विभाग एवं भारत सरकार के उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से देहरादून जनपद में दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर 21 से 26 सितंबर तक जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं निर्धारित स्थलों पर कुल 11 शिविर लगाए जाएंगे।

सेवा संकल्प सप्ताह’ के तहत आयोजित इन शिविरों में दिव्यांगजनों और बुजुर्गों का चिन्हीकरण किया जाएगा तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। चिन्हित पात्र लाभार्थियों को 1 अक्टूबर, अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

शिविरों का कार्यक्रम

21 सितंबर: विकासखंड परिसर सहसपुर एवं विकासखंड परिसर कालसी
22 सितंबर: नगर पंचायत सेलाकुई, विकासखंड परिसर विकासनगर एवं पंचायत भवन रामनगर डांडा थानों
23 सितंबर: विकासखंड परिसर डोईवाला एवं पंचायत भवन सभावाला
24 सितंबर: विकासखंड परिसर रायपुर एवं आंगनबाड़ी केंद्र नवादा चौक, बद्रीपुर
26 सितंबर: रेसकोर्स वेलफेयर सोसायटी, 120 रेसकोर्स एवं गंगा फार्म, बालावाला

सभी शिविर प्रातः 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे।

जरूरी दस्तावेज

दिव्यांगजनों के लिए:
• यूडीआईडी कार्ड की छायाप्रति
• आधार कार्ड की छायाप्रति
• मासिक आय प्रमाण-पत्र

बुजुर्गों के लिए:
• आधार कार्ड की छायाप्रति
• संबंधित ग्राम प्रधान/पार्षद द्वारा जारी मासिक आय प्रमाण-पत्र
• मासिक आय ₹15,000 तक होना आवश्यक

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर अपना चिन्हीकरण कराएं और सरकार की इस योजना के माध्यम से निःशुल्क सहायक उपकरण प्राप्त करने का लाभ उठाएं।

About The Author