विकासनगर। कोतवाली सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में हुई विनोद कश्यप की हत्या के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। सोमवार को देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान और पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोभाल मृतक के परिजनों से मुलाकात करने उनके घर पहुंचे।
अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान परिजनों ने घटना से जुड़ी अपनी बात अधिकारियों के समक्ष रखी और मामले में निष्पक्ष एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
डीएम और पुलिस कप्तान ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने पुलिस को भी मामले में प्रभावी जांच और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैरागीवाला में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में भी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
