देहरादून/सहसपुर। सहसपुर में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इसी दौरान स्थानीय निवासी बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर जूट बैग बनाकर आजीविका चलाने के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी के समन्वय से उसी दिन शाम तक बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।
सिलाई मशीन मिलने के बाद बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब वे जूट बैग बनाकर अपनी आजीविका को मजबूत कर सकेंगी और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
यह पहल शासन की त्वरित कार्यशैली और जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण मानी जा रही है। साथ ही, यह स्थानीय स्तर पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।




