ऑनलाइन गेमिंग से बर्बाद परिवार, बुजुर्गों की प्रताड़ना और अवैध कब्जों के मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश
दून वैली टाइम्स | देहरादून | 27 जुलाई
जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आमजन की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 164 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें भूमि विवाद, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन, सामाजिक-आर्थिक सहायता, मानसूनी बारिश से हुए नुकसान और जनसुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और जिम्मेदारी के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।

ऑनलाइन गेमिंग की लत से परिवार तबाह, मां ने लगाई मदद की गुहार
समाधान दिवस में ऋषिकेश निवासी विनीता ने अपने बेटे की ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण परिवार के आर्थिक रूप से बर्बाद होने की व्यथा सुनाई और प्रशासन से सहायता की मांग की। वहीं पल्टन बाजार निवासी जुनतारा देवी ने बीमारी के इलाज और बेटी की स्कूल फीस के लिए आर्थिक सहायता की अपील की। इसके अलावा विधवा अर्चना ने अपनी बेटियों की शिक्षा के लिए मदद की गुहार लगाई।

बेटे की प्रताड़ना से परेशान बुजुर्ग पिता को मिला प्रशासन का सहारा
समाधान दिवस में पहुंचे बुजुर्ग राजपाल सिंह ने अपने बेटे पर संपत्ति हड़पने की नीयत से मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मन्नूगंज की एक बुजुर्ग विधवा की शिकायत पर सीओ सिटी को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं सहारनपुर निवासी विनिता भटेजा द्वारा राजपुर रोड स्थित पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सीओ मसूरी को मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बिजली, सड़क, अतिक्रमण और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर भी सख्ती
ग्राम सिंगनीवाला में पड़ोसी के विरोध के कारण बिजली कनेक्शन न मिलने तथा ग्राम मानुवा में बारिश के चलते खतरनाक स्थिति में पहुंचे विद्युत पोल को शिफ्ट करने के लिए ऊर्जा निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्राम सिद्धोवाला में सरकारी भूमि पर बाहरी लोगों के कब्जे तथा ग्राम बादामवाला में नदी श्रेणी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विकासनगर को विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
ओवरलोड वाहनों और बिल्डर की लापरवाही पर डीएम सख्त
विकासनगर के डॉक्टरगंज क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही धोरन रोड स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के समीप सुरक्षा पुस्ता (रिटेनिंग वॉल) का निर्माण नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को भी सुरक्षा संबंधी कार्यों का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया।
चकराता और ऋषिकेश के मामलों में भी दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने चकराता की ग्राम पंचायत डेरियों में सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने तथा ऋषिकेश बाईपास के लिए अधिग्रहित भूमि के बदले भूमि आवंटन समझौते की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी, तहसीलदार सुरेन्द्र देव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




