ईवीएम वेयरहाउस का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में लिया जायजा, प्रोटोकॉल के शत-प्रतिशत पालन के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने वेयरहाउस में रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा संबंधित अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को वेयरहाउस की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार लगातार जारी रखने को कहा।

डीएम डॉ. चौहान ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। ईवीएम एवं वीवीपैट का सुरक्षित रख-रखाव और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और सजगता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के तहत वेयरहाउस की सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई तथा निरीक्षण प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की गई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईवीएम नोडल दिनक रौतेला, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित आम आदमी पार्टी के कमल राणा, भाजपा के दौलतराम मकवाना आदि मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *