महंगे शौकों ने बनाया ड्रग्स पैडलर, दिल्ली के ‘सिद्धू गैंग’ से जुड़े छह युवक गिरफ्तार

राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 44.61 ग्राम MDMA बरामद

पुलिस के अनुसार कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचते थे नशीला पदार्थ, 4.50 लाख रुपये कीमत बताई

देहरादून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कथित रूप से दिल्ली के ‘सिद्धू गैंग’ से जुड़े छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 44.61 ग्राम MDMA बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 22 सितंबर की रात चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाई रिजॉर्ट के पास एक कार को रोककर तलाशी ली गई। कार सवार चार युवकों के कब्जे से 27.12 ग्राम MDMA बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। वहीं दूसरी कार्रवाई सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास की गई, जहां दो युवकों को कथित रूप से 17.49 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार किया गया।

तकनीकी शिक्षा ले रहे थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपी देहरादून और अन्य राज्यों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से तकनीकी शिक्षा के पाठ्यक्रम कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करने की जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी उसके नेटवर्क में पैडलर के रूप में काम करते थे।

पुलिस के अनुसार सिद्धू अथवा उसके एजेंट समय-समय पर देहरादून पहुंचकर आरोपियों को MDMA उपलब्ध कराते थे। इसके अलावा आरोपी दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर भी नशीले पदार्थ लेकर देहरादून आते थे। पुलिस का दावा है कि इन नशीले पदार्थों को विशेष रूप से कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

महंगे शौकों के लिए तस्करी में उतरने का आरोप

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अच्छे परिवारों से ताल्लुक रखते हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। पूछताछ में महंगे शौकों को पूरा करने के लिए नशे के अवैध कारोबार में शामिल होने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदांत चौहान (21), रचित शर्मा (21), श्रीकांत ममगांई (22), चिराग रस्तोगी (24), अभिषेक थापा (21) और वैभव ममगांई (21) के रूप में हुई है।

4.50 लाख की MDMA समेत कार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 44.61 ग्राम MDMA, करीब 4.50 लाख रुपये कीमत की बताई गई, एक इग्निस कार संख्या UK 07 DE 4167 और 12 पॉलिथीन पैकेट बरामद किए हैं।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस, एएनटीएफ और एसओजी की टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

About The Author