मेगी और चाय के सेवन के बाद सोया था परिवार, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग जांच में जुटे
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतकों में 37 वर्षीय महेश, उनकी पत्नी ललिता और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात मेला देखकर घर लौटने के बाद परिवार ने मैगी (नूडल्स) और चाय का सेवन किया था। इसके बाद सभी सो गए। शनिवार सुबह कमरे में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही ग्रेटर नोएडा पुलिस, फॉरेंसिक टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है, हालांकि परिवार की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस पारिवारिक संपत्ति विवाद सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
