हल्द्वानी की मुद्रिका खुशी गुरुरानी ने रचा इतिहास, NTO परीक्षा पास कर बॉक्सिंग में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

Listen to this article

पांच बार की राष्ट्रीय पदक विजेता बॉक्सर को मिली वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक की आधिकारिक मान्यता, पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर

डून वैली टाइम्स | हल्द्वानी (नैनीताल)

उत्तराखंड की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा से देश और दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में नई-नई उपलब्धियां हासिल करने वाली इन बेटियों की सूची में अब नैनीताल जिले के हल्द्वानी की मुद्रिका खुशी गुरुरानी का नाम भी स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है। मुद्रिका ने बॉक्सिंग के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नेशनल टेक्निकल ऑफिसियल (NTO) की परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिसके बाद उन्हें वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक की ओर से आधिकारिक मान्यता और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।

इस उपलब्धि के बाद हल्द्वानी सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और सामाजिक संगठनों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के लोग मुद्रिका को बधाई दे रहे हैं।

असम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हासिल की सफलता

मुद्रिका खुशी गुरुरानी ने यह उपलब्धि असम के गुवाहाटी में आयोजित आठवीं अंडर-19 राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के दौरान हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान आयोजित नेशनल टेक्निकल ऑफिसियल (NTO) परीक्षा में उन्होंने सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि को वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक ने आधिकारिक रूप से मान्यता देते हुए प्रमाण पत्र जारी किया है, जो उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।

पहले से ही पांच बार की राष्ट्रीय पदक विजेता हैं मुद्रिका

मुद्रिका केवल एक उत्कृष्ट तकनीकी अधिकारी ही नहीं, बल्कि स्वयं एक शानदार खिलाड़ी भी हैं। वह पांच बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकी बॉक्सर हैं। इसके अलावा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय तैराक के रूप में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का गौरव बढ़ाया है।

पढ़ाई और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन

खेलों में लगातार सफलता हासिल करने के साथ-साथ मुद्रिका शिक्षा के क्षेत्र में भी शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। वर्तमान में वह मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (MFA) की पढ़ाई कर रही हैं और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

युवाओं के लिए बनी प्रेरणा

मुद्रिका खुशी गुरुरानी की यह उपलब्धि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।

डून वैली टाइम्स परिवार की ओर से मुद्रिका खुशी गुरुरानी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

About The Author