देहरादून। दिनकर विहार क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विकास शर्मा ने ईएमएस कंपनी और जल संस्थान पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों को पिछले कई दिनों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विकास शर्मा ने बताया कि करीब 15 दिन पहले दिनकर विहार में सड़क खोदकर निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन अब तक उसे अधूरा छोड़ दिया गया है। उनका आरोप है कि अधूरे कार्य के चलते पेयजल लाइन प्रभावित हुई, जिससे लोगों के घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी खतरा पैदा हो गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन, जल संस्थान और संबंधित कंपनी ने समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। कांग्रेस ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं, स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
दिनकर विहार में दूषित पेयजल आपूर्ति का मामला गरमाया, कांग्रेस ने ईएमएस कंपनी और जल संस्थान पर लगाए लापरवाही के आरोप




