10 साल की मासूम से दुष्कर्म के मामले में आरोपी की मां भी गिरफ्तार

बच्ची के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के बाद कथित संलिप्तता आई सामने, मुख्य आरोपी पहले से पुलिस हिरासत में

पांवटा साहिब। पांवटा साहिब क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवक की मां को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची के मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज बयानों के बाद महिला की कथित भूमिका सामने आई, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार महिला का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोप है कि महिला ने बच्ची को जबरन आरोपी युवक की बाइक पर बैठाया। इसके बाद बच्ची को वाई-पॉइंट के समीप रामशरणम आश्रम रोड की ओर ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना के दौरान बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

मामले में मुख्य आरोपी युवक को पुलिस पहले ही हिरासत में ले चुकी है। अब आरोपी की मां की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कथित साजिश और घटना में उसकी भूमिका को लेकर भी जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस की जांच में बच्ची के बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान कानूनन सुरक्षित रखी गई है।

About The Author