देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को देहरादून में कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रमुखों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव, संगठन निर्माण, बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में संगठन की मजबूती, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और जनता के विश्वास को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सशक्त संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ प्रदेश की जनता के बीच जाएगी।
बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, राष्ट्रीय सचिव काज़ी निज़ामुद्दीन, पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम बंगाल के प्रभारी प्रकाश जोशी, सह प्रभारी मनोज यादव, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा सहित फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रमुख और वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे।








