देहरादून। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते 17 अगस्त को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिधौली क्षेत्र में दो वाहन सवार युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की होने से सड़क पर यातायात भी बाधित हुआ।
पुलिस के अनुसार, वाहन संख्या HR06BE-5319 में सवार मनीष जैन पुत्र नवीन अंसल, निवासी थाना अंसल, पानीपत, हरियाणा, उम्र 19 वर्ष, बिना हेलमेट वाहन चला रहा था। वहीं दूसरे पक्ष के अमृतम अंशुमल पुत्र रंजीत कुमार, निवासी ग्राम बीटा, पटना, बिहार, उम्र 25 वर्ष, भी वाहन संख्या UK07FJ-9546 पर बिना हेलमेट के सवार था।
मौके पर पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान अमृतम अंशुमल, जिसने स्वयं को एलएलएम का छात्र बताया, ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद से शांति भंग होने की संभावना को देखते हुए तीन व्यक्तियों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद सभी को सक्षम मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा की जा रही है। जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
