देहरादून में बारिश का कहर: आईटी पार्क के पास सड़क बनी नदी, जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर लोग

Listen to this article

देहरादून। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र की बदहाल जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। रविवार को भारी बारिश के बाद आईटी पार्क के ऊपर से बड़ी मात्रा में बरसाती पानी मुख्य सड़क पर तेज बहाव के साथ उतर आया, जिससे पूरी सड़क नदी जैसी दिखाई देने लगी। हालात ऐसे हो गए कि राहगीरों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर पानी का बहाव इतना तेज था कि दोपहिया वाहन चालक किसी तरह संतुलन बनाकर निकल रहे थे, जबकि कार और अन्य चारपहिया वाहनों को भी काफी मशक्कत के बाद एक-दूसरे की मदद से पार कराया गया। कई स्थानों पर वाहन फंसने की स्थिति भी बन गई, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में आईटी पार्क के पास यही स्थिति पैदा होती है। थोड़ी सी बारिश होते ही भारी मात्रा में पानी सड़क पर उतर आता है, जिससे घंटों तक आवाजाही प्रभावित रहती है। कई बार सड़क पूरी तरह बंद होने की नौबत भी आ जाती है, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया।

स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन इसके समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होगा, तब तक प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर नहीं जाएगा।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई और इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में रोजमर्रा की आवाजाही एक बड़ी चुनौती बन जाती है और हर बार लोगों की जान जोखिम में रहती है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *