100 वार्डों में निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारी तैनात, चेकिंग में दुकानदारों पर कार्रवाई
देहरादून, 1 सितंबर। माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में नगर निगम क्षेत्र के सभी 100 वार्डों की निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभियान के तहत प्रशासन और नगर निगम की टीमों ने विभिन्न वार्डों में दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की सघन जांच की। इस दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई और जुर्माना वसूला गया।
टर्नर रोड और भारूवाला में 32 दुकानों की जांच
वार्ड संख्या 78 टर्नर रोड और वार्ड संख्या 79 भारूवाला में जिला सूचना अधिकारी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। टीम ने कुल 32 दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों के ₹1,000 के चालान किए गए।
राजपुरा में 22 दुकानदारों पर कार्रवाई
वहीं वार्ड संख्या 04 राजपुरा में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल और सेनेटरी इंस्पेक्टर राखी रावत के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने 22 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया और ₹6,700 का जुर्माना वसूला।

सिर्फ जुर्माना नहीं, जागरूकता पर भी जोर
प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण और बिक्री न करें। इसके स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का इस्तेमाल करने की अपील की गई।
प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना और जुर्माना वसूलना नहीं है, बल्कि व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। प्रशासन ने दूनवासियों से अपील की है कि देहरादून को स्वच्छ, हरा-भरा और प्लास्टिक-मुक्त बनाने में सहयोग करें।
