देहरादून। राजधानी देहरादून के शिमला बाईपास चौक के पास रविवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर नाराज़गी जताई। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक भीड़ जुटी रही और जाम जैसी स्थिति भी बन गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गा देवी (28) अपने पति रवि के साथ बाइक पर सवार होकर शिमला बाईपास की ओर जा रही थीं। सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोप लगाया कि 108 एंबुलेंस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिसके कारण घायल महिला लंबे समय तक सड़क पर तड़पती रही। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को संभालने का प्रयास किया और घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस पहुंच जाती तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी।
वहीं, 108 एंबुलेंस सेवा के अधिकारियों ने देरी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामले की जांच की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पहली कॉल सुबह 7:25 बजे प्राप्त हुई और एंबुलेंस निर्धारित समय में मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो और कॉल रिकॉर्ड की जांच के आधार पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह सही नहीं हैं।
उधर, पटेलनगर थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। साथ ही, एंबुलेंस सेवा के समय और कॉल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक तथ्यों का पता लगाया जा सके।




