देहरादून। राजधानी देहरादून के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य संस्थान दून अस्पताल की गायनी इमरजेंसी में रविवार तड़के इलाज को लेकर जमकर हंगामा हो गया। एक 16 वर्षीय किशोरी के इलाज को लेकर उसके परिजनों और अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि गुस्साए तीमारदारों ने महिला सुरक्षा गार्ड के सिर पर बोतल से हमला कर दिया। साथ ही वार्ड आया के पेट में लात मारी और बीच-बचाव करने पहुंचे दो पुरुष सुरक्षा कर्मियों के साथ भी मारपीट की। घटना में चार अस्पताल कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कराया गया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
परिजनों का आरोप है कि किशोरी की बिना आवश्यकता यूपीटी (UPT) जांच कराई गई, खून की जांच के लिए जरूरत से अधिक सैंपल लिए गए और इलाज में लापरवाही बरती गई। उनका कहना है कि विरोध करने पर अस्पताल कर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पेट दर्द की शिकायत होने पर चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के तहत यूपीटी जांच कराना सामान्य प्रक्रिया है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में अस्पताल परिसर में हिंसा स्वीकार्य नहीं है।
दून अस्पताल की गायनी इमरजेंसी में बवाल, महिला सुरक्षा गार्ड पर बोतल से हमला; 4 कर्मचारी घायल




