मसूरी रोड पर बड़ा हादसा: 50 मीटर गहरी खाई में गिरी स्कूटी, SDRF ने चलाया रातभर रेस्क्यू अभियान, युवक की बची जान

Listen to this article

देहरादून। मसूरी रोड पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक स्कूटी सवार युवक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और जिला पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कठिन परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक की जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राजवर सिंह राणा के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। अंधेरी रात और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बावजूद टीम ने तकनीकी रेस्क्यू तकनीकों का उपयोग करते हुए खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई।

रेस्क्यू टीम ने घायल को सुरक्षित स्ट्रेचर में बांधकर सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकाला। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे आगे के इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायल की पहचान रोहित (36 वर्ष), निवासी आवास विकास कॉलोनी, ऋषिकेश के रूप में हुई है। समय रहते SDRF और जिला पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने भी SDRF के साहस, तत्परता और पेशेवर रेस्क्यू अभियान की सराहना की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *