मालवीय नगर अग्निकांड के बाद अलर्ट मोड में अल्मोड़ा फायर सर्विस, बिनसर क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का किया सघन अग्नि सुरक्षा निरीक्षण

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई दुखद अग्निकांड की घटना के बाद अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर देशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में अल्मोड़ा फायर सर्विस भी अलर्ट मोड में नजर आई। माननीय राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन एवं वीआईपी ड्यूटी को ध्यान में रखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी मुकेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में बिनसर वाइल्डलाइफ सेंचुरी क्षेत्र स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सिंबा कैफे, मेरी बर्डन एस्टेट तथा केएमवीएन गेस्ट हाउस में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा मानकों तथा अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की विस्तृत जांच की गई। टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि किसी भी आपात स्थिति में आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध हों।

अग्निशमन विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां मिलीं, जिन पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी देकर आग लगने की स्थिति में प्रारंभिक स्तर पर बचाव और नियंत्रण के उपाय भी बताए गए।

फायर सर्विस अधिकारियों ने कहा कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रखे जाएंगे ताकि आगजनी की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *