हरिद्वार। हत्या के मामले में फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर भगवानपुर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आरोपियों के घरों पर पहुंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा (मुनादी) की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को भगवानपुर स्थित होटल धरोहर में कलीम नामक युवक के साथ कथित रूप से होटल संचालकों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई थी। मामले में दर्ज मुकदमे के तहत पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि नामजद आरोपी अर्पित पुत्र प्रवीण चौहान और ऋषिकेश सिंह पुत्र रमेश सिंह लगातार फरार चल रहे हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसी क्रम में माननीय न्यायालय रुड़की द्वारा जारी आदेश के तहत भगवानपुर पुलिस ने आरोपियों के आवास पर पहुंचकर धारा 84 बीएनएसएस के अंतर्गत उद्घोषणा की कार्रवाई की। ढोल-नगाड़ों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को जानकारी दी गई कि दोनों आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित हों, अन्यथा उनके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गंभीर अपराधों में संलिप्त होकर फरार होने वाले आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। हरिद्वार पुलिस अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
हत्या के फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा, घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी




