कर्णप्रयाग में हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग यात्रियों पर बड़ा एक्शन, चार गिरफ्तार

Listen to this article

धारदार हथियारों से हमला करने के आरोप में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, क्षेत्र में आईटीबीपी और पीएसी तैनात

उत्तराखंड के चमोली जनपद स्थित कर्णप्रयाग में श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में धारदार हथियारों से हमले के कारण चार लोग घायल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कृपाण, तलवारें और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप स्थानीय व्यापारियों और कुछ निहंग यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि चार निहंग यात्रियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी निशाना बनाया गया, जिससे चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा संख्या 17/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसके बाद क्षेत्र में बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को कर्णप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन कृपाण बरामद की गईं। घटना में शामिल चौथे आरोपी को अगले दिन कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक तलवार भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में जसनप्रीत सिंह (23 वर्ष), अजय सिंह (23 वर्ष), सतविंदर सिंह (21 वर्ष) और मनप्रीत सिंह (21 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी पंजाब के मोहाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनमें से मनप्रीत सिंह वर्तमान में उपचाराधीन है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया, जबकि उपचाराधीन आरोपी को फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्णप्रयाग और गौचर क्षेत्र में एक कंपनी आईटीबीपी तथा पीएसी बल की तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा स्वयं क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त और निगरानी अभियान भी चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए गए अभियान में पुलिस ने परविंदर सिंह, परमवीर सिंह और जोधवीर सिंह निवासी जरकपुर, चंडीगढ़ के खिलाफ भी पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। इनके वाहन से हॉकी स्टिक जैसी वस्तुएं मिलने और सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार की शिकायत सामने आई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल चार तलवारें तथा दो मोटरसाइकिलें (PB-65BK-3889 और PB-65BE-4296) बरामद की हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

About The Author