देहरादून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का ऐलान किया है। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि कांग्रेस 28 जून से प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेगी, जिसके तहत राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता जनता के बीच पहुंचेंगे।

कांग्रेस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनना, सरकार की नीतियों की वास्तविक स्थिति जानना और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। पार्टी आगामी चुनावों को देखते हुए जनाधार बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर काम कर रही है।
प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता से संवाद करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, पेपर लीक, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, खराब कानून व्यवस्था और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। कुमाऊं मंडल के बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को दी गई है। वहीं रुद्रप्रयाग, पौड़ी और चमोली जिलों में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत अभियान का नेतृत्व करेंगे।
उत्तरकाशी और टिहरी जनपदों में विधायक प्रीतम सिंह, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक विक्रम सिंह नेगी जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जबकि नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा अभियान को आगे बढ़ाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और आम जनता से संवाद करेंगे।
कांग्रेस के अनुसार अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों से होगी। पार्टी का दावा है कि इस जनसंपर्क अभियान के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जनसमर्थन जुटाने में मदद मिलेगी।




