श्रीनगर क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग युवती की तलाश में पुलिस प्रशासन ने अपने प्रयास और तेज कर दिए हैं। युवती के लापता होने के 14 दिन बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर श्रीनगर पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और जल पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन की जा रही है। विशेष रूप से नदी किनारों, संवेदनशील क्षेत्रों और अन्य संभावित स्थलों पर लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर भी पुलिस की टीमें युवती की तलाश में जुटी हुई हैं और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले की जांच तकनीकी स्तर पर भी जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा मोबाइल लोकेशन और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि युवती का पता लगाने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।
गौरतलब है कि युवती पिछले 14 दिनों से लापता है, जिसके चलते क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। बीते दिन वाल्मीकि समाज और स्थानीय लोगों ने श्रीनगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने युवती की शीघ्र बरामदगी की मांग करते हुए पुलिस को एक सप्ताह का अल्टीमेटम भी दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है और जब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल जाता, खोजबीन नहीं रोकी जाएगी। वहीं परिजन भी युवती की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द सकारात्मक परिणाम की अपेक्षा कर रहे हैं।







