28 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में अत्यधिक बारिश का अलर्ट, 29-30 जून तक पूरे प्रदेश में वर्षा के आसार
देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए आगामी दिनों का वर्षा पूर्वानुमान जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार 28 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जनपदों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 29 और 30 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन भी मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।



