हरिद्वार/अल्मोड़ा
उत्तराखंड में सोमवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। प्रदेश के अल्मोड़ा और हरिद्वार जिलों में हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में कुल सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
अल्मोड़ा में खाई में गिरी कार, चार की मौत
अल्मोड़ा जिले के चायखान–बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया गांव के समीप छह लोगों को लेकर जा रही एक अल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतकों में एक पिता भी शामिल हैं, जबकि उनका बेटा गंभीर हालत में उपचाराधीन है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हरिद्वार में पिकअप हादसा, तीन की मौत
वहीं, हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे नजीबाबाद हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चंडीगढ़ से बिजनौर जा रही एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल नौ लोग सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप का पिछला हिस्सा खुला होने के कारण हादसे के दौरान कुछ सवार पुल के नीचे जा गिरे। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि चालक सहित अन्य सवारियों से पूछताछ की जा रही है तथा हादसे के कारणों की जांच जारी है। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
शोक में डूबे परिवार, जांच जारी
प्रदेश में कुछ ही घंटों के भीतर हुए इन दो दर्दनाक हादसों ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुलिस दोनों मामलों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से पर्वतीय और राजमार्गों पर यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।




