देहरादून, 02 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि अधिकांश खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने की कार्ययोजना तैयार की जाए।
सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने केंद्र की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप उत्तराखंड की नई खेल नीति शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही गोलापार (हल्द्वानी) स्थित राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय में अगले माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने, प्रवेश प्रक्रिया और कोच व कर्मचारियों की नियुक्ति में तेजी लाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने ‘एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम’ योजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के बेहतर रखरखाव के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, गोलापार स्टेडियम, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील, हरिद्वार और पिथौरागढ़ के स्टेडियमों की सुविधाओं का अधिकतम उपयोग खिलाड़ियों के हित में सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने 39वें राष्ट्रीय खेल-2027 की तैयारियों के तहत विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू करने, खेल संघों के सहयोग से प्रतिभा चिन्हीकरण और खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘एक जिला-एक खेल (ODOS)’ योजना के तहत प्रत्येक जिले में निर्धारित खेलों को बढ़ावा देने और जिला खेल छात्रावासों को खेल नर्सरी के रूप में विकसित करने पर बल दिया।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। 48 मिनी स्टेडियमों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 10 मिनी स्टेडियम निर्माणाधीन हैं। लोहाघाट में देश के पहले महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण तेजी से जारी है, वहीं गोलापार-हल्द्वानी में उत्तराखंड के पहले राज्य खेल विश्वविद्यालय का विकास कार्य भी तेजी से चल रहा है।




