देहरादून, 2 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस को बैरागीवाला हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली सहसपुर पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी समेत तीन फरार अभियुक्तों को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 13 जून को सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार की मृत्यु हो गई।
जांच में पता चला कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और घटना से दो-तीन दिन पहले भी खेत में पानी को लेकर कहासुनी हुई थी। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फरार आरोपियों की तलाश में उत्तराखंड के बाहर भी लगातार दबिश दी जा रही थी।
गुरुवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन (24 वर्ष), सावेज (21 वर्ष) और आजम, तीनों निवासी ग्राम बैरागीवाला, को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
बैरागीवाला हत्याकांड: मुख्य आरोपी समेत तीन और गिरफ्तार, अब तक 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में



