दो आरोपी हिरासत में, दो पुलिस गिरफ्त से फरार; तलाश में चार टीमें, ठेका हटाने की उठी मांग
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर शुक्रवार देर रात शराब ठेके के बाहर हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोलियों की चपेट में आकर दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे छह नंबर पुलिया से आगे स्थित शराब ठेके के बाहर कुछ लोग कैंटीन में बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। इसी दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई।
फायरिंग में लोअर राजीव नगर निवासी नवीन राणा के कंधे में गोली लगी, जो आर-पार निकल गई। वहीं बिजनौर निवासी कैनेन्द्र के पैर में गोली लगने से वह भी घायल हो गया। गोली चलने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर रायपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। नवीन राणा का उपचार कैलाश अस्पताल तथा कैनेन्द्र का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं दो अन्य आरोपी पुलिस हिरासत से दून अस्पताल के बाहर से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शराब ठेके के बाहर धरना-प्रदर्शन कर ठेका हटाने की मांग की। लोगों का कहना है कि ठेके के बाहर आए दिन शराबियों के बीच झगड़े, हंगामा और मारपीट होती रहती है, जिससे आसपास का माहौल असुरक्षित हो गया है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई स्थायी कार्रवाई नहीं की गई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




