
देहरादून। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के रिंग रोड स्थित 6 नंबर पुलिया के पास शराब की दुकान के बाहर हुई फायरिंग की घटना के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू) के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के नाम जिला आबकारी अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर शराब की दुकान को तत्काल हटाने, फायरिंग के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
गौरतलब है कि शराब की दुकान के बाहर बिजनौर के कुछ युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान हुई फायरिंग में वहां से गुजर रहे दो निर्दोष युवक गोली लगने से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि रायपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना पर जनता जवाब चाहती है।
शराब की दुकान हटाने की उठी मांग
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 6 नंबर पुलिया स्थित शराब की दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं। इससे महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए शराब की दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और शराब की दुकान हटाने को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो जनभावनाओं के अनुरूप उग्र जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी, पार्षद तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




