हरिद्वार के बाजारों में खपाने की थी तैयारी, मुख्य सप्लायर की तलाश में पंजाब पहुंची पुलिस टीम
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान पंजाब से जाली नोट लेकर आए चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹84,500 की नकली भारतीय मुद्रा बरामद की है। आरोपियों के पास से ₹500 के 169 जाली नोट मिले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी इन नकली नोटों को हरिद्वार के बाजारों में असली बताकर चलाने की फिराक में थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है और मुख्य सप्लायर की तलाश में एक विशेष टीम पंजाब भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार, मेला अस्पताल क्षेत्र में नियमित चेकिंग के दौरान चार संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा कर बिल्केश्वर तिराहे और टिबड़ी तिराहे के बीच चारों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से ₹500 के 169 जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत ₹84,500 है। इसके बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने गुरदासपुर के एक व्यक्ति से ₹20,000 देकर ₹500 के 200 नकली नोट खरीदे थे। उनका मकसद हरिद्वार के अलग-अलग बाजारों में इन नोटों को असली बताकर चलाना था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह कुछ नकली नोट पहले ही बाजार में खपा चुका है। अब पुलिस उन स्थानों और लोगों की जानकारी जुटा रही है जहां ये नोट चलाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। मुख्य सप्लायर और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम पंजाब रवाना हो चुकी है। साथ ही बरामद जाली नोटों की जानकारी केंद्रीय एजेंसियों को भी भेजी गई है, ताकि अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय इस नेटवर्क का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।




