मानसून में सड़क बंद होने पर अब होगी सख्त मॉनिटरिंग, 24 घंटे से अधिक बाधित मार्गों पर तैनात होंगे नोडल अधिकारी

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के दौरान भूस्खलन और मलबा आने से कई सड़कें अक्सर बाधित हो जाती हैं, जिससे आम लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है।

लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून के दौरान सड़कों को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने हेतु विभागीय स्तर पर पर्याप्त संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि जो सड़कें 24 घंटे से अधिक समय तक बंद रहेंगी, उनकी विभागीय स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी। ऐसी प्रत्येक सड़क के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो सड़क खोलने की पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखेगा और कार्य में तेजी सुनिश्चित करेगा।

PWD सचिव ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य मानसून के दौरान लोगों को न्यूनतम असुविधा हो तथा राज्यभर में यातायात व्यवस्था अधिकतम समय तक सुचारु बनी रहे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

About The Author