देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में धार्मिक पर्यटन, सड़क, पुल, पुलिस आवास और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 28 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से प्रदेश के कई क्षेत्रों में यातायात, पर्यटन और जनसुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ध्वज जयंती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, पेयजल, शौचालय, मार्ग सहित अन्य विकास कार्यों हेतु 97.09 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं विकासखंड मूनाकोट की ग्राम पंचायत भौड़ी स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार एवं धर्मशाला निर्माण के लिए 22 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
उधमसिंहनगर के खटीमा में ग्राम भूड़ महोलिया में चार बीघा भूमि पर छठ पूजा स्थल के निर्माण के लिए 2.70 करोड़ रुपये, जबकि रुद्रप्रयाग के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर धाम के विकास कार्यों के लिए 54.81 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ में बेड़ा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ तक आंतरिक संपर्क सीसी मार्ग निर्माण के लिए 62.19 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं सितारगंज में ग्राम सूर्यनगर और ग्राम शांतिपुरी नंबर-4 के बीच गोला नदी पर 250 मीटर स्पान पीएससी पुल के निर्माण के लिए 18.78 करोड़ रुपये की बड़ी स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अलावा भीमताल-नैकुचियाताल मोटर मार्ग के किमी 1 से 6 तक 30 एमएमबीसी से सड़क सुधारीकरण के लिए 2.46 करोड़ रुपये, जबकि हरिद्वार के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में अकबरपुर-खुंडेवाली-लोदीवाला-झबरेड़ा नगर पंचायत मार्ग के पीसी कार्य हेतु 66.68 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के श्यामपुर थाना परिसर में टाइप-3 के छह पुलिस आवासों के निर्माण के लिए 3.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी है। प्रथम किश्त के रूप में 1.24 करोड़ रुपये जारी करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन विकास योजनाओं से धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार होगा, सड़क और पुल निर्माण से आवागमन आसान बनेगा तथा पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।




