रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह रावत की करंट लगने से मौत हो गई। वह ड्यूटी समाप्त कर घर पहुंचे थे और घर की बिजली आपूर्ति बाधित होने पर बिजली के पोल पर चढ़कर तकनीकी खराबी ठीक करने का प्रयास कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि पोल पर कार्य के दौरान अचानक तेज करंट दौड़ गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत, पुत्र लाल सिंह रावत, वर्ष 2011 बैच के पीएसी जवान थे और वर्तमान में 31वीं वाहिनी पीएसी की डी कंपनी में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह रुद्रपुर की बगवाड़ा ग्रीन व्यू कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे। सोमवार को उनकी ड्यूटी शाम चार बजे तक थी, जिसके बाद वह घर लौटे थे।
धर्मेंद्र रावत के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पीएसी और पुलिस महकमे में शोक की लहर है।




