चंपावत| Doon Valley Times
उत्तराखंड के चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक शिक्षिका ने अपने शिक्षक पति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल शिक्षक को पहले उप जिला अस्पताल लोहाघाट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल चंपावत रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, पाटन क्षेत्र निवासी पति-पत्नी दोनों ही सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। गुरुवार रात स्कूटी के इंडिकेटर के टूटने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शिक्षक पति अपनी पत्नी को शैक्षणिक कार्य के लिए विद्यालय छोड़ने गए थे। वापस लौटने पर स्कूटी के इंडिकेटर के क्षतिग्रस्त होने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन देर रात विवाद फिर बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान शिक्षिका पत्नी ने धारदार हथियार से पति पर हमला कर दिया। हमले में शिक्षक के गले और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि बचाव के दौरान उनके हाथ में गहरा घाव हुआ, जबकि गर्दन पर भी गंभीर चोट लगी।
घटना की सूचना पर लोहाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




