चमोली | Doon Valley Times
श्री बद्रीनाथ धाम के कथित चढ़ावा चोरी मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने शुक्रवार को दूसरी बड़ी गिरफ्तारी करते हुए जोशीमठ निवासी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बद्रीनाथ थाने लाकर गहन पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, राजेंद्र चौहान बद्रीनाथ मंदिर में थाली भेंट एवं गणना कक्ष में कार्यरत था और 30 जून को ही बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) की सेवा से सेवानिवृत्त हुआ था। SIT अब उससे चढ़ावे की गणना, नकदी के रखरखाव और कथित अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि इस मामले में इससे पहले भी SIT एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पूछताछ, दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बद्रीनाथ धाम जैसे आस्था के प्रमुख केंद्र से जुड़े इस मामले पर श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों की नजर बनी हुई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।





