घर से भागकर आई 16 वर्षीय किशोरी से टैक्सी में दुष्कर्म का प्रयास, चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान

Listen to this article

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ टैक्सी चालक द्वारा कथित दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। हरियाणा से घर छोड़कर निकली किशोरी नैनीताल से टैक्सी लेकर पाताल भुवनेश्वर घूमने जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में चालक ने सुनसान स्थान का फायदा उठाकर उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। साहस दिखाते हुए किशोरी ने चलती टैक्सी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

रात 11 बजे शुरू की गलत हरकत

पुलिस के अनुसार, हरियाणा निवासी 16 वर्षीय किशोरी घर से नाराज होकर बिना बताए निकल गई थी और नैनीताल पहुंची थी। वहां से उसने एक टैक्सी बुक कर पहले काठगोदाम जाने को कहा। बाद में चालक के कहने पर वह पिथौरागढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पाताल भुवनेश्वर जाने के लिए तैयार हो गई।

बताया गया कि रात करीब 11 बजे गाड़ी गंगोलीहाट क्षेत्र के गुप्तड़ी इलाके में पहुंची, जहां सुनसान स्थान का फायदा उठाकर चालक ने कथित तौर पर किशोरी के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया।

चलती टैक्सी से कूदकर बचाई जान

पीड़िता ने विरोध किया तो चालक ने कुछ देर के लिए वाहन आगे बढ़ाया। खतरा भांपते हुए किशोरी ने हिम्मत दिखाई और चलती टैक्सी से छलांग लगा दी। शोर सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल उसे सुरक्षित बचाया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद किशोरी को गंगोलीहाट कोतवाली ले जाया गया, जहां उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा

गंगोलीहाट पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा निवासी आरोपी चालक नंदन सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

घर से नाराज होकर निकली थी किशोरी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी किसी बात से नाराज होकर हरियाणा स्थित अपने घर से बिना बताए निकल गई थी और नैनीताल पहुंची थी। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। चलती टैक्सी से कूदने के कारण उसे मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण कराया है और विशेषज्ञों की निगरानी में उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद किशोरी को उनकी सुपुर्दगी में सौंपा जाएगा।

नोट: यह मामला पुलिस में दर्ज शिकायत और प्रारंभिक जांच पर आधारित है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद होगी।

About The Author