चकराता की राजनीति में हलचल: मंत्री भरत चौधरी के बयान पर रामशरण नौटियाल का पलटवार, मधु चौहान के नाम को लेकर तेज हुई सियासी चर्चा

Listen to this article

चकराता/देहरादून। चकराता विधानसभा की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई, जब एक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने मंच से कहा, “आपकी अगली विधायक मधु चौहान होंगी। अगर मुझे दोबारा मौका मिला तो आपकी विधायक मधु चौहान के साथ मिलकर काम करूंगा।”

मंत्री के इस बयान के बाद क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। लोग कयास लगाने लगे कि क्या भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मधु चौहान को चकराता विधानसभा सीट से अपना आधिकारिक प्रत्याशी बनाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक उम्मीदवार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मंत्री के बयान ने सियासी अटकलों को जरूर हवा दे दी है।

इसी बीच मंत्री भरत चौधरी के बयान पर भाजपा के पूर्व चकराता विधानसभा प्रत्याशी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, “यहां हमारे एक विद्वान मंत्री जी आए थे, उनको कुछ अता पता नहीं है। उन्हें अपना टिकट बचाना चाहिए। मैं टिकट के पीछे कभी पागल नहीं रहा। मुझे जनता और भगवान पर भरोसा है। हमारे यहां चुनाव जनता तय करती है, मंत्री नहीं।”

रामशरण नौटियाल के इस बयान के बाद चकराता की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है। एक ओर मंत्री भरत चौधरी का मधु चौहान को लेकर दिया गया बयान चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर रामशरण नौटियाल की प्रतिक्रिया ने भाजपा के भीतर संभावित चुनावी समीकरणों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

हालांकि, यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि भाजपा ने अभी तक चकराता विधानसभा सीट के लिए किसी भी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में फिलहाल सभी चर्चाएं और दावे राजनीतिक बयानों व अटकलों के आधार पर हैं।

कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *