विकासनगर | दून वैली टाइम्स
देहरादून पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विकासनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चौकी प्रभारी डाकपत्थर उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 86.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को गैस गोदाम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 86.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान जाकिर (24 वर्ष) पुत्र निवासी बड़ा कुआं, मिर्जापुर, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को उत्तर प्रदेश के कैराना से खरीदकर लाया था। उसका उद्देश्य विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों में नशे के आदी लोगों, औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कामगारों तथा शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों तक इसकी सप्लाई करना था। पुलिस की सतर्कता के चलते वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका।
पुलिस को मिले अहम सुराग
पूछताछ के दौरान आरोपी से अन्य नशा तस्करों और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। पुलिस इन जानकारियों के आधार पर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी के निर्देशन में लगातार जारी है अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का लक्ष्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी डाकपत्थर
- उपनिरीक्षक सनोज कुमार
- कांस्टेबल नरेश पंत
- कांस्टेबल नवीन कोहली
- कांस्टेबल पदम सिंह
- कांस्टेबल रविन्द्र चौहान




