अल्मोड़ा: मवेशियों को जंगल ले जा रही महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Listen to this article

दून वैली टाइम्स | अल्मोड़ा

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के औलिया गांव में मवेशियों को जंगल में चराने ले जा रही एक महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 48 वर्षीय बचुली देवी, पत्नी गोधन सिंह, गुरुवार को अपने मवेशियों को लेकर गांव से सटे जंगल की ओर गई थीं। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटीं तो उनके पति और परिजन चिंतित हो गए। काफी देर तक इंतजार करने के बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई।

महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर घटना की सूचना पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

काफी देर की खोजबीन के बाद बचुली देवी करीब 150 मीटर गहरी खाई में बेहोशी की हालत में मिलीं। एसडीआरएफ के जवानों ने कठिन और खड़ी चट्टानों के बीच उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और महिला को खाई से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जंगल में मवेशियों को ले जाते समय पैर फिसलने से महिला गहरी खाई में जा गिरीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

दून वैली टाइम्स शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

About The Author