दूरबीन लेकर पुल का निरीक्षण करने पहुंचे कांग्रेस नेता आर्यांद्र शर्मा, नंदा की चौकी पुल निर्माण में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

Listen to this article

दून वैली टाइम्स | देहरादून

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे आर्यांद्र शर्मा ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में दूरबीन लेकर सहसपुर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नंदा की चौकी पुल का निरीक्षण करते हुए पुल निर्माण में भ्रष्टाचार और गुणवत्ता से समझौता किए जाने का आरोप लगाया।

आर्यांद्र शर्मा ने कहा कि उन्होंने 7 जुलाई को ही पुल निर्माण में भारी अनियमितताओं और लापरवाही की ओर ध्यान दिलाया था, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका दावा है कि अब पुल के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा विधायक ने विकास के नाम पर जनता के साथ छल किया है और पिछले 15 वर्षों से सहसपुर में विकास कार्यों के नाम पर जनता के धन का दुरुपयोग किया गया है। शर्मा ने मांग की कि पुल निर्माण में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए तथा इस मामले में शामिल सभी लोगों के नाम सार्वजनिक किए जाएं।

उन्होंने यह भी मांग की कि संबंधित जनप्रतिनिधि पुल निर्माण पर हुए खर्च और पूरे मामले पर जनता के सामने जवाब दें।

About The Author