गुरु पूर्णिमा पर चुनाव अभियान कार्यालय का उद्घाटन, प्रीतम सिंह ने संभाली कमान

Listen to this article

देहरादून | दून वैली टाइम्स

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, देहरादून में प्रदेश चुनाव अभियान समिति के नवगठित कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने वैदिक विधि-विधान के साथ कार्यालय का उद्घाटन किया और आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने प्रदेश चुनाव अभियान समिति के सफल संचालन और आगामी चुनावों में कांग्रेस की मजबूती के लिए शुभकामनाएं दीं।

समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा का यह शुभ दिन संगठन के लिए नई ऊर्जा और सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग, विश्वास और समर्पण के बल पर चुनाव अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

प्रीतम सिंह ने अपने संदेश में कहा कि इस शुभ अवसर पर शुभकामनाएं, बधाइयां एवं स्नेह व्यक्त करने वाले सभी सम्मानित कांग्रेसजनों के प्रति वह हृदय की गहराइयों से आभार और धन्यवाद व्यक्त करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रदेशहित और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूती से पहुंचेंगे।

कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और जनसरोकारों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

About The Author