देहरादून। जनपद देहरादून के सौड़ा सरोली क्षेत्र में गैस सिलेंडरों से कथित तौर पर गैस चोरी करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले तीन लोगों को गैस की चोरी करते हुए पकड़ा गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी गैस सिलेंडरों के बीच नोजल लगाकर भरे हुए सिलेंडर से खाली सिलेंडर में गैस ट्रांसफर कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पकड़ लिया गया। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घरेलू गैस सिलेंडरों से इस तरह गैस निकालकर दूसरे सिलेंडरों में भरना उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी के साथ-साथ सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर मामला है। गैस सिलेंडरों के साथ इस तरह छेड़छाड़ से आग लगने अथवा हादसे का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब यह भी जांच का विषय है कि गैस की चोरी कितने समय से चल रही थी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता है या नहीं।
