सहस्रधारा में तेज बहाव की चपेट में आई हरियाणा की युवती, उपचार के दौरान मौत

देहरादून। सहस्रधारा क्षेत्र में घूमने आई हरियाणा की एक 28 वर्षीय युवती की नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पानीपत निवासी नेहा आर्य (28) अपने साथियों के साथ देहरादून के सहस्रधारा क्षेत्र में घूमने आई थी। बताया जा रहा है कि युवती नदी किनारे फोटो खिंचवा रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में जा गिरी। देखते ही देखते युवती बहाव में बहने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ के जवानों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से नदी में युवती की तलाश शुरू की।

काफी प्रयास के बाद युवती को नदी से बाहर निकाला गया। उसकी हालत गंभीर होने पर तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे कोरनेशन अस्पताल, देहरादून भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान नेहा आर्य (28), निवासी गांधी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के निकट, कोतवाली नगर, पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना के बाद मृतका के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।

बरसात में नदी-नालों के पास जाने से बचें

सहस्रधारा समेत देहरादून के कई पर्यटन स्थलों पर बरसात के दौरान नदी और जलधाराओं का बहाव अचानक तेज हो जाता है। ऐसे में नदी किनारे फोटो खिंचवाना या तेज बहाव के नजदीक जाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन और पुलिस की ओर से भी लोगों से लगातार अपील की जाती है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलप्रपातों के आसपास विशेष सावधानी बरतें और जोखिम लेकर फोटो या वीडियो बनाने से बचें।

About The Author