उत्तराखंड का पहला ब्लॉक बना डोईवाला, जहां स्थापित हुई ‘उत्तराखंड के गांधी’ की प्रतिमा

डोईवाला। उत्तराखंड के इतिहास में रविवार को एक गौरवशाली अध्याय जुड़ गया। विकासखंड डोईवाला परिसर में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता और ‘उत्तराखंड के गांधी’ के नाम से विख्यात स्व. इंद्रमणि बडोनी की भव्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। आयोजकों के अनुसार डोईवाला उत्तराखंड का पहला विकासखंड बन गया है, जहां स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा स्थापित की गई है।
प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी की प्रथम बैठक में पारित किया गया था। प्रस्ताव को अब धरातल पर उतारते हुए ब्लॉक परिसर में प्रतिमा स्थापित की गई।
प्रतिमा का अनावरण नृसिंह पीठाधीश्वर, रायवाला के रसिक महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया। कार्यक्रम की शुरुआत रसिक महाराज और ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह द्वारा स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि स्व. इंद्रमणि बडोनी का पूरा जीवन उत्तराखंड के विकास, संस्कृति और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा। उनकी विचारधारा और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि इंद्रमणि बडोनी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और वे सच्चे अर्थों में उत्तराखंड के गांधी थे। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह को इस ऐतिहासिक पहल के लिए बधाई दी।
वहीं ज्येष्ठ प्रमुख धनवीर सिंह ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की यह पहल काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा ब्लॉक परिसर की शोभा बढ़ाने के साथ ही लोगों को उनके संघर्ष और योगदान की याद दिलाती रहेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ताजेंद्र सिंह, जिला पंचायत देहरादून के पूर्व उपाध्यक्ष डबल सिंह भंडारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, कनिष्ठ प्रमुख बीना देवी, कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल, करतार सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य इंद्रजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह खालसा, रंजीत सिंह, उम्मेद बोरा, कुलदीप शाही, जितेंद्र सिंह, राकेश मियां सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
