118 किमी दौड़कर कनासर पहुंचा विकासनगर एथलेटिक्स क्लब

हनोल में होगा 185 किमी रिले रन का समापन, युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश

विकासनगर/ चकराता , 18 सितंबर। युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश लेकर विकासनगर एथलेटिक्स क्लब की ओर से शुरू की गई “दौड़ देवभूमि की—संकल्प नशामुक्त उत्तराखंड” रिले रन का पहला चरण पूरा हो गया है। क्लब के 12 एथलीट्स ने रिले फॉर्मेट में दौड़ते हुए करीब 118 किलोमीटर की दूरी तय कर कनासर में पड़ाव डाला।

दल शुक्रवार रात कनासर में विश्राम करेगा और शनिवार सुबह कनासर से महासू देवता मंदिर, हनोल के लिए रवाना होगा। करीब 185 किलोमीटर लंबी रिले रन का समापन हनोल में होगा।

देहरादून से हुआ था शुभारंभ

रिले रन का शुभारंभ देहरादून में देवभूमि मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव सतीश चंद्र चौहान और SAI कोच गुरफूल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ के दौरान एथलीट्स ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। साथ ही बच्चों और युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया।

क्लब के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल 185 किलोमीटर की दूरी पूरी करना नहीं, बल्कि रास्ते में पड़ने वाले क्षेत्रों और विद्यालयों तक “खेल से जुड़ो, नशे से दूर रहो” का संदेश पहुंचाना है। क्लब का मानना है कि खेल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।

विकासनगर में हुआ रिले रन का स्वागत

विकासनगर पहुंचने पर स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान और व्यापार मंडल विकासनगर की ओर से रिले रन का स्वागत किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को खेलों के प्रति प्रेरित किया गया तथा नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि विकासनगर एथलेटिक्स क्लब लगातार खेल गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आह्वान किया।

“हर पड़ाव तक पहुंचे नशामुक्ति का संदेश”

क्लब अध्यक्ष प्रभजोत सिंह ने कहा कि रिले रन का लक्ष्य सिर्फ 185 किलोमीटर की दूरी तय करना नहीं है। अभियान के दौरान यात्रा के हर पड़ाव पर खेल और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्लब अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़कर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रयासरत है।

इस अवसर पर क्लब के उपाध्यक्ष सत्यपाल चौहान तथा कोर टीम के सदस्य सुनील कुमार रत्तूड़ी, संजय असवाल, अमन चौहान, अभिषेक चौहान और अजय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

अभियान का अगला चरण शनिवार सुबह कनासर से शुरू होकर महासू देवता मंदिर, हनोल तक पहुंचेगा, जहां 185 किलोमीटर लंबी रिले रन का समापन होगा।

About The Author