महिला को कार में खींचने की कोशिश, शोर मचाने पर फरार हुए आरोपी

सहस्रधारा रोड के नालापानी चौक के पास सुबह की घटना, रायपुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा; आरोपियों की तलाश में तीन टीमें गठित

देहरादून। राजधानी देहरादून में महिला सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास सुबह स्कूटी से घर लौट रही एक महिला को काले रंग की स्विफ्ट कार सवार तीन-चार युवकों ने कथित तौर पर रोक लिया। महिला का आरोप है कि युवकों ने उसे जबरन कार में खींचने का प्रयास किया।

बताया गया कि महिला ने जब विरोध करते हुए शोर मचाया तो आसपास लोगों की मौजूदगी और महिला के विरोध के चलते आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में इस्तेमाल की गई काली स्विफ्ट कार किसकी है और उसमें सवार युवकों की पहचान कैसे की जा सकती है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है। टीमें CCTV फुटेज, वाहन की पहचान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author